फतेहपुर PWD कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज का घोर अपमान  उल्टा फहराया गया तिरंगा

मीडिया से दूरी बना चुप्पी साध गए अधिकारी 

फतेहपुर ::-  जिले में लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिशाषी अभियंता (निर्माण खण्ड-प्र.प.) कार्यालय परिसर से एक बेहद लापरवाही भरी और शर्मनाक घटना सामने आई है। जहाँ राष्ट्रीय सम्मान के प्रतीक तिरंगे झंडे को उल्टा फहरा दिया गया। राष्ट्रध्वज के प्रति इस तरह की बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद प्रशासनिक गलियारों और आम जनता में गहरा रोष व्याप्त हो गया है।
मामला संज्ञान में आते ही जब स्थानीय मीडियाकर्मी सच जानने और जिम्मेदार अधिकारियों का पक्ष लेने के लिए अधिशाषी अभियंता के कार्यालय पहुँचे, तो वहाँ का रवैया और भी निराशाजनक रहा। अधिकारियों ने पूरे मामले पर अपनी जिम्मेदारी तय करने या गलती सुधारने की बात करने के बजाय ‘मीटिंग का बहाना’ बना दिया। पत्रकारों को अधिकारी के मीटिंग में व्यस्त होने की बात कहकर कार्यालय के बाहर से ही वापस लौटा दिया गया।
राष्ट्रीय ध्वज संहिता (Flag Code of India) के तहत राष्ट्रध्वज को उल्टा फहराना कानूनन अपराध है और यह राष्ट्रीय ध्वज का सीधा अपमान माना जाता है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग जैसे बड़े और जिम्मेदार सरकारी महकमे के कार्यालय में इस प्रकार की घोर लापरवाही प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाती है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि राष्ट्रीय ध्वज के इस सीधे अपमान के लिए दोषी कर्मचारियों और लापरवाह अधिकारियों पर क्या कोई कड़ी प्रशासनिक या कानूनी कार्रवाई की जाएगी, या फिर हमेशा की तरह मीटिंग और व्यस्तता का बहाना बनाकर इस संगीन मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा? जनता और सजग नागरिक अब देखना चाहते हैं कि उच्च अधिकारी इस पर क्या सख्त कदम उठाते हैं।