जनपद बांदा।
15 अगस्त से पूर्व सभी विद्यालयों में विशेष साफ-सफाई अभियान पूर्ण कराने के निर्देश — निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे करने पर जोर जिलाधिकारी बांदा अमित आसेरी की अध्यक्षता में जिला शिक्षा अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद की विद्यालयी शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों में साफ- सफाई, निर्माण कार्यों, छात्र उपस्थिति एवं ड्रॉपआउट सहित विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 अगस्त से पूर्व जनपद के सभी विद्यालयों में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण सुनिश्चित किया जाए। सभी सफाई कर्मियों, ग्राम पंचायत स्तर के संबंधित अधिकारियों, एडीओ पंचायत एवं खंड शिक्षा अधिकारियों को अपने- अपने क्षेत्र के विद्यालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालयों में साफ-सफाई की स्थिति की फोटोग्राफ्स निर्धारित रूप से बीएसए कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाएं, जिससे अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग की जा सके। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में चल रहे निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में बच्चों के ड्रॉपआउट को न्यूनतम करने तथा कक्षा 8 से कक्षा 9 में विद्यार्थियों के 100 प्रतिशत ट्रांजिशन पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसी भी स्तर पर बच्चों की शिक्षा बाधित न हो और प्रत्येक बच्चे का शैक्षिक क्रम निरंतर बना रहे।
जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में डिजिटल छात्र उपस्थिति की शत-प्रतिशत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की उपस्थिति की प्रभावी निगरानी की जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि 15 अगस्त के राष्ट्रीय पर्व से संबंधित कार्यक्रमों एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को प्रत्येक विद्यालय में उत्साह, गरिमा एवं बेहतर सहभागिता के साथ आयोजित किया जाए। विद्यालयों में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


