-मौके पर पहुंचीं राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
फतेहपुर खागा ::- सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के दावतमई कसार गांव में शनिवार भोर एक दर्दनाक हादसे में सर्पदंश से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
दिवंगत की पहचान शिवचरण सरोज पुत्र सीताराम सरोज के रूप में हुई है। स्वजन के अनुसार शिवचरण गांव के बाहर जंगल में बने घर के छप्पर के नीचे चारपाई पर सो रहा था। भोर करीब चार बजे अचानक एक कोबरा सांप ने उसे शरीर पर तीन से चार जगहों पर डस लिया। सर्पदंश के बाद युवक की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। स्वजन उसे अस्पताल ले जाते, इससे पहले ही उसने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि दिवंगत शिवचरण की शादी महज छह माह पूर्व ही हुई थी। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही राज्यमंत्री कृष्णा पासवान मौके पर पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।


