एस पी ने सलेमपुर थाने का किया nirikshn

शेयर करे

पुलिस अधीक्षक देवरिया संजीव सुमन द्वारा थाना मंगलवार को सलेमपुर थाने का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर, अभिलेखों, मालखाना, हवालात, आरक्षी बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, महिला सहायता कक्ष, बीट सूचना रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मिशन शक्ति केन्द्र आदि का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया तथा रख-रखाव एवं अभिलेखों के अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष व समस्त पुलिसकर्मियों को थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित रख-रखाव, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा जनता से व्यवहार में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाने का प्रत्येक कर्मी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहे तथा जनसामान्य की समस्याओं के निस्तारण में संवेदनशीलता एवं तत्परता बरतें।

उन्होंने थाने पर लंबित विवेचनाओं, वारंटों, शांति भंग की कार्यवाही, बीट सूचना प्रणाली तथा जनशिकायतों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विवेचक को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके। उन्होंने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी जानकारी ली तथा अपराध नियंत्रण हेतु नियमित रूप से गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी, तथा ग्राम चौपालों के माध्यम से जनता से संवाद करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस-जन सहयोग से ही अपराध नियंत्रण संभव है, इसलिए जनता के बीच विश्वास का वातावरण बनाना प्रत्येक पुलिसकर्मी की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने आरक्षी बैरक, मेस, शस्त्रागार एवं कार्यालय कक्षों का निरीक्षण कर साफ-सफाई व सुव्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देश दिए। भोजन की गुणवत्ता एवं आरक्षियों के रहने की स्थिति की भी जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सुधार के लिए प्रभारी निरीक्षक को निर्देशित किया । इस दौरान क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार एवं थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार चतुर्वेदी मौजूद रहे।