एक दिन की बीडीओ बनीं छात्रा प्रियांशी, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश

जनपद बांदा।

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गुरुवार को कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की कक्षा सात की छात्रा प्रियांशी गुप्ता को एक दिन के लिए खंड विकास अधिकारी बनाया गया। प्रियांशी गुप्ता पुत्री नीरज गुप्ता ने बीडीओ की कुर्सी पर बैठकर ब्लॉक के कार्यों की जानकारी ली और विभिन्न वर्गों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान खंड विकास अधिकारी अमरेश सिंह चौहान ने छात्रा को विभागीय कार्यप्रणाली एवं शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। एक दिन की बीडीओ बनी प्रियांशी ने अधिकारियों से क्षेत्र की समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय की जर्जर सीसी रोड तथा ब्लॉक संसाधन केंद्र को जाने वाली सीसी रोड की मरम्मत और नालियों की सफाई के संबंध में शिकायत सुनी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए छात्रा ने ग्राम पंचायत सचिव केपी सिंह को नालियों की शीघ्र सफाई कराने तथा क्षतिग्रस्त सीसी रोड की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी संजय द्विवेदी, सहायक विकास अधिकारी आईएसबी धर्मपाल यादव सहित ग्राम पंचायत एवं ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।

खंड विकास अधिकारी अमरेश सिंह चौहान ने कहा कि नवरात्रि में कन्या पूजन की परंपरा पुरातन काल से चली आ रही है। बालिकाओं में आत्मविश्वास और सशक्तिकरण की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान के तहत प्रियांशी को एक दिन की बीडीओ बनाया गया है। एक सवाल के जवाब में प्रियांशी गुप्ता ने भविष्य में शिक्षा प्राप्त कर वकील बनने की इच्छा जताई। ब्लाक प्रमुख कमासिन रावेंद्र गर्ग ने छात्रा का उत्साह वर्धन करते हुए लक्ष्य प्राप्त करने के लिए मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय के छात्राएं व प्रधानाध्यापक दिनेश त्रिपाठी सहायक अध्यापक राजेश यादव ग्राम विकास अधिकारी केपी सिंह अमित सिंह शुभम सिंह राणा प्रमोद कुमार जयाश्री सिंह सचिन सिंह योगेंद्र सिंह राकेशधार मिश्रा सच्चिदानंद द्विवेदी अजयराज चौधरी तथा समाज कल्याण के सहायक विकास अधिकारी जगत नारायण गुप्ता तथा ब्लॉक मिशन मैनेजर भारत द्विवेदी व ब्लॉक मिशन मैनेजर मनोज कुमार यादव सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट