वरिष्ठ पत्रकार रामेश्वर गुप्ता के निधन पर पत्रकारों ने जताया शोक

जनपद बांदा।

बांदा जनपद से प्रकाशित दैनिक नवकर्मयुग समाचार पत्र के प्रधान संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार रामेश्वर गुप्ता के निधन पर मंगलवार को ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की बबेरू तहसील इकाई के तत्वावधान में कमासिन प्रेस क्लब में शोकसभा आयोजित की गई। शोकसभा में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े ग्रामीण पत्रकारों ने दिवंगत पत्रकार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। इस दौरान पत्रकारों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। वक्ताओं ने कहा कि रामेश्वर गुप्ता ने पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सदैव जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने के साथ ही पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन किया। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक अनुभवी और कर्मठ पत्रकार खो दिया है।

शोकसभा में राम किशोर यादव, नंदकिशोर वर्मा, विनोद श्रीवास्तव, शत्रुघ्न सिंह, प्रभंजन गुप्ता, अरुण कुमार मिश्रा, प्रमोद कुमार मिश्रा, राधेश्याम गुप्ता, शुभम तिवारी सहित समाजसेवी डॉ. राजन शुक्ला, सुभाष मिश्रा और राजू चौरसिया मौजूद रहे। शोकसभा के बाद जिला ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में संगठन की आगामी जिला स्तरीय बैठक कमासिन स्थित ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कार्यालय में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक के लिए 20 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई। इसमें जिलेभर के पत्रकारों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में लिए गए निर्णयों और कार्रवाई की जानकारी ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन जिला बांदा के अध्यक्ष को पत्र भेजकर दी गई।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar