खागा फतेहपुर
खागा। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के अंतर्गत गणेश शंकर बालिका इंटर कॉलेज, सुल्तानपुर घोष में पेंटिंग एवं स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण पीआईयू कानपुर एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के निर्देशानुसार त्रिवेणी संगम हाईवेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर राकेश भारद्वाज अतुल यादव अविनाश द्विवेदी पुष्पेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में करीब 150 छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
प्रधानाचार्य नसरीन सिद्दीकी की उपस्थिति में छात्राओं ने चित्रकला एवं स्लोगन के माध्यम से स्वच्छता, स्वच्छ पर्यावरण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं सामाजिक दायित्व से संबंधित संदेश प्रस्तुत किए। इस मौके पर राजस्थान सरकार द्वारा राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित सीनियर सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक फिरोज खान ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को NHAI एवं त्रिवेणी संगम हाईवेज के सहयोग से पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए जाएंगे। आयोजन के माध्यम से छात्राओं एवं स्थानीय समुदाय को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया।


