विश्व मानव दुर्व्यापार विरोधी अभियान के तहत संयुक्त चेकिंग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम संचालित

जनपद बांदा।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन में थाना AHTU, SJPU, चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा, ग्रामीण स्वावलंबन समिति संस्था एवं साथी यूपी संस्था बांदा की संयुक्त टीम द्वारा संकट मोचन मंदिर, अशोक लाट, बस स्टैंड बांदा इत्यादि पर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बस में सफर कर रहे यात्रियों एवं बस स्टैंड पर मौजूद यात्रियों को मानव तस्करी, बाल श्रम/बाल भिक्षावृत्ति, बच्चा चोरी, जहर खुरानी तथा सरकारी हेल्पलाइन नंबर 112, 1098, 1090, 181, 1076 आदि के संबंध में जागरूक किया गया। यात्रियों को पंपलेट के माध्यम से बाल विवाह न करने एवं गांव/मोहल्ले में यदि कोई बाल विवाह हो रहा हो तो इसकी सूचना सरकारी हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी पुलिस स्टेशन पर सूचित करने की सलाह दी। बच्चों के साथ सफर कर रहे यात्रियों को बच्चों को अपने पास रखने एवं अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई किसी भी सामग्री को ना खाने की सलाह दी गई। स्टेशन रोड पर मौजूद दुकान/होटल पर बालश्रम उन्मूलन रोकथाम अभियान चलाया, अभियान के दौरान दुकान/होटल आदि की चेकिंग की गई एवं आसपास के दुकानदारों एवं आम जनमानस को बच्चों (18 वर्ष से कम आयु) से बाल श्रम न कराने हेतु जागरूक किया गया एवं हिदायत दी गई कि यदि कोई व्यक्ति/दुकानदार बच्चों से बाल श्रम करते हुए पाया गया तो उपरोक्त व्यक्ति/दुकानदार के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। संकट मोचन मंदिर पर श्रद्धालुओं को बाल श्रम एवं बाल विवाह के संबंध में जागरूक किया गया।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट