जनपद बांदा।
बांदा के गोड़ी बाबा गांव में सजा विशाल दंगल उस समय रोमांच से भर उठा, जब देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पहलवानों ने अखाड़े में अपनी ताकत और कुश्ती के हुनर का जोरदार प्रदर्शन किया। एक के बाद एक मुकाबलों में पटखनी, दांव और पलटवार ने दर्शकों को बांधे रखा और हर शानदार दांव पर अखाड़ा तालियों से गूंज उठा। मुख्य अतिथि भाजपा वरिष्ठ नेता श्याम मोहन धुरिया का आयोजक मंडल के श्रीराम निषाद ने माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद धुरिया ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ कराया। बांदा, हमीरपुर, चित्रकूट, नेपाल, फतेहपुर, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और कानपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पहलवानों ने जोरदार मुकाबले किए।पहलवानों का उत्साह बढ़ाने के लिए विशिष्ट अतिथि श्याम मोहन धुरिया ने पुरस्कारों की झड़ी लगा दी। इनाम मिलते ही पहलवानों के चेहरों पर चमक और दर्शकों में उत्साह दोगुना हो गया। दंगल का सबसे खास आकर्षण महिला पहलवानों की कुश्ती रही। महिला खिलाड़ियों ने अखाड़े में उतरकर शानदार दांव-पेच दिखाए और साबित किया कि कुश्ती के अखाड़े में अब बेटियां भी किसी से पीछे नहीं हैं।दंगल देखने के लिए उमड़ी भारी भीड़ ने हर रोमांचक मुकाबले का जमकर आनंद लिया। पूरा अखाड़ा देर तक तालियों, जयकारों और पहलवानों के जोश से गूंजता रहा।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


