
जनपद बांदा।
गुरुवार को बांदा के स्थानीय विद्यालय यू.पी.एस. जारी एक में हरिद्वार से पधारे गायत्री शक्तिपीठ के श्रद्धालु भाइयों द्वारा मां भगवती की शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में निकाली जा रही अखंड ज्योति कलश यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। यह यात्रा जन-जागरण, सामाजिक समरसता एवं सद्भाव का संदेश देते हुए जनकल्याण की भावना से निरंतर आगे बढ़ रही है। विद्यालय परिसर में कलश यात्रा के आगमन पर समस्त विद्यालय परिवार द्वारा विधि- विधान से पूजन-अर्चन किया गया। इस पावन अवसर पर उपस्थित सभी ने गुरुदेव की दिव्य अनुभूतियों का आध्यात्मिक आभास किया तथा आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। साथ ही बच्चों को श्रेष्ठ संस्कार, राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा एवं नैतिक मूल्यों के पालन का संदेश दिया गया, जिससे वे भविष्य में एक आदर्श नागरिक बन सकें। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य साधना निगम ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे समाज में सकारात्मक जागरूकता का संचार होता रहे। उन्होंने अतिथियों से पुनः आगमन का आग्रह भी किया। कार्यक्रम में राजाराम (एस.एम.सी. अध्यक्ष), रश्मि अग्रवाल (सहायक अध्यापक), ज्योति विश्वकर्मा (सहायक अध्यापक), अर्चना तिवारी (सहायक अध्यापक), गांव के प्रबुद्ध नागरिक, अखिलेश भैया (कोटेदार) एवं अभिभावकों की गरिमामई उपस्थिति रही। कार्यक्रम का समापन श्रद्धा, भक्ति एवं प्रेरणा के वातावरण में हुआ।
Crime 24 Hours/Mitesh Kumar


