Breaking News उत्तर प्रदेश बांदा

नारी सशक्तिकरण को लेकर सैकड़ों योजनाएं चला रही मोदी-योगी सरकार : गीता शाक्य

 

जनपद बांदा।

भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय कार्यसमिति व प्रशिक्षण वर्ग में नारी सशक्तिकरण पर दिया जोर, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष समेत दिग्गज नेत्रियों ने की शिरकत,महिलाओं का किया आह्वान।
क्षेत्रीय कार्यसमिति व प्रशिक्षण वर्ग को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने महिला सशक्तिकरण को बल दिया। बताया कि देश और प्रदेश की मोदी-योगी सरकार महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन से जोड़ कर मिशन शक्ति अभियान चला रही है और नारी सशक्तिकरण की दिशा मंे काम कर रही है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाएं चला रही है और महिलाओं को पुरुषों से एक कदम आगे चलने को प्रेरित कर रही है।
भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा के तत्वावधान में जिला कार्यालय में क्षेत्रीय कार्यसमिति और प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यसमिति और प्रशिक्षण वर्ग के मुख्य वक्ता भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी विजय बहादुर पाठक ने मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सैकड़ों योजनाएं चला रही है, जिनका महिलाओं को जमीन पर लाभ भी मिल रहा है। चाहे वह उज्जवला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन हो या फिर सौभाग्य योजना के तहत मुफ्त बिजली कनेक्शन, हर जगह महिलाओं को अागे करने का काम किया जा रहा है। मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने महिलाओं को सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कहा कि महिला मोर्चा की पदाधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जागरूक करने का जिम्मा उठाएं और पात्र महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें लाभ दिलाएं। ताकि शहरी व ग्रामीण इलाकों की महिलाएं सशक्त हो सकें। उन्होंने मातृत्व वंदना योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, उज्जवला योजना, सौभाग्य योजना, वृद्धा-विधवा पेंशन आदि का बखान करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार महिलाओं के जन्म से लेकर उनके रहन-सहन और स्वावलंबन से जोड़ने से संबंधित योजनाएं चला रही है। ताकि देश व प्रदेश की महिलाएं पुरुषों से एक कदम आगे चल सकें और खुद को मजबूत बना सकें। बताया कि महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए राष्ट्रीय आजीविका मिशन के तहत समूह बनाकर ऋण उपलब्ध कराने और महिलाओं के लिए स्वरोजगार की व्यवस्था की गई है। उन्होंने महिलाओं को मोदी-योगी सरकारों की नीतियों से रूबरू कराते हुए उन्हें भाजपा से जोड़ने की जरूरत पर बल दिया। महिला माेर्चा की क्षेत्रीय अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि आज की महिलाएं किसी से कम नहीं हैं और महिलाएं पुरुषों से एक कदम आगे चल रही हैं। चाहे वह राजनीतिक का क्षेत्र हो या आर्थिक, सामाजिक व शैक्षिक क्षेत्र हर जगह महिलाओं की उपस्थिति नारी सशक्तिकरण का प्रमाण प्रस्तुत करती है। भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी कमलावती सिंह ने सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कोरोना महामारी में आपदा प्रबंधन की सराहना किया। कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंच रहा है और समाज का स्तर सुदृढ़ हो रहा है। प्रशिक्षण वर्ग के दौरान भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कीर्तिका अग्रवाल समेत तमाम दिग्गज नेत्रियों ने महिलाओं को संगठन की मजबूती और आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी ताकत दिखाने का आह्वान किया। महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया और महिलाओं की ताकत बढ़ाने के लिए मोदी-योगी सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, पूर्व चेयरमैन विनोद जैन, क्षेत्रीय सदस्य सुमन शर्मा, जिला मंत्री विनीता त्रिपाठी, अभिलाषा मिश्रा, हीरा गुप्ता, रुकमणि गुप्ता, सुधा सिंह समेत तमाम महिलाएं शामिल रहीं।

प्रदेश व क्षेत्रीय अध्यक्ष का किया जोरदार स्वागत
क्षेत्रीय कार्यसमिति और प्रशिक्षण वर्ग में शिरकत करने पहुंचीं भाजपा महिला माेर्चा प्रदेश अध्यक्ष राज्यसभा सांसद गीता शाक्य और क्षेत्रीय अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित समेत सभी महिला नेत्रियों का पदाधिकारियों ने जोरदार स्वागत किया। जिला मंत्री विनीता त्रिपाठी ने जहां सभी अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया, वहीं जिलाध्यक्ष वंदना गुप्ता ने सभी को स्मृति चिंह भेंट कर सम्मानित किया। वहीं जिला पंचायत सदस्य मंजू देवी, महिला माेर्चा की जिला उपाध्यक्ष अभिलाषा मिश्रा, हेमलता वर्मा, गुड्‌डी सिंह, सुधा सिंह आदि ने अतिथियों का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया। महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होकर संगठन को मजबूत बनाने और वर्ग के विभिन्न विषयों पर मुख्य वक्ताओं के विचारों को सुना और उन्हें आत्मसात करने का संकल्प लिया।

Crime 24 Hours से मितेश कुमार की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!