
खागा फतेहपुर ::- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को धाता विकास खंड के पाई एवं अढ़ैया ग्राम सभाओं में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” थीम पर आधारित इस अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-आकांक्षी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रेरणा के अनुरूप आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन फतेहपुर वन प्रभाग की खखरेरू रेंज द्वारा किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों तथा ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मुख्य अतिथि के रूप में किशनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सोनकर उपस्थित रहे। उनके साथ भाजपा युवा नेत्री प्रिया सोनकर, समाजसेवी हीरा सोनकर, भारतीय किसान यूनियन के तहसील खागा अध्यक्ष अशोक सिंह, ग्राम प्रधानों सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
वन विभाग की ओर से वन क्षेत्राधिकारी विवेक कुमार शुक्ल के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर वन दरोगा अनूप शुक्ल, अक्षय कुमार राम, अनुरुद्ध सिंह तथा वन रक्षक अखिलेंद्र सिंह, राजीव कुमार सहित अन्य वन कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी उपस्थित लोगों ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।
वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत आम, अमरूद, अनार, आंवला, नींबू, शीशम, महुआ, सहजन एवं कंजी सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि ये पौधे न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक होंगे, बल्कि भविष्य में क्षेत्र की हरियाली बढ़ाने, जैव विविधता के संरक्षण तथा स्वच्छ वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए। ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प व्यक्त किया।
ब्यूरो रिपोर्ट


