देवरिया,
कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल सहित अन्य विद्यालयों में माय भारत अभियान के तहत विद्यार्थियों को बजट प्रक्रिया की दी गई जानकारी
लार। युवाओं को देश की आर्थिक नीतियों, बजट निर्माण की प्रक्रिया और राष्ट्रीय विकास में उनकी भूमिका से सक्रिय रूप से जोड़ने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आम बजट 2026 के अवसर पर राष्ट्रव्यापी पहल बजट क्वेस्ट क्विज का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लार नगर स्थित कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल, ओके एम इंटर कॉलेज व स्वामी देवानंद डिग्री कॉलेज मठ लार में गुरुवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को क्विज से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए साहू विशाल कुमार गुप्ता ने कहा कि बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की प्राथमिकताओं, योजनाओं और भविष्य की दिशा को दर्शाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बजट प्रक्रिया को समझना चाहिए ताकि वे यह जान सकें कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, खेल और बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में सरकार किस प्रकार निवेश करती है। बजट क्वेस्ट क्विज का उद्देश्य विद्यार्थियों में आर्थिक साक्षरता बढ़ाना, नीति निर्माण के प्रति जिज्ञासा पैदा करना और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है। माय भारत पोर्टल क्विज के माध्यम से युवा सरल और रोचक तरीके से बजट, कर प्रणाली और सरकारी योजनाओं के बारे में सीख सकेंगे तथा क्विज के विजेता को प्रधानमंत्री से संवाद का अवसर भी प्राप्त हो सकता है।
समाजसेवी संस्था लार युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष सज्जू लारी ने कहा कि आज का जागरूक युवा ही कल का सशक्त राष्ट्र बनाता है। यदि छात्र कम उम्र से ही देश की आर्थिक नीतियों को समझेंगे तो वे भविष्य में बेहतर निर्णय लेने में सक्षम होंगे। उन्होंने शिक्षकों से भी आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ समसामयिक विषयों से जोड़ें।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बजट से संबंधित प्रश्नों को लेकर जिज्ञासा दिखाई। कोलम्बस इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य दीपक सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं।



