जनपद बांदा।
बांदा में मंगलवार को विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति एवं गंगा समग्र, कानपुर प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में केन माता की महाआरती श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ संपन्न हुई। मूसलाधार बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं के कदम नहीं रुके। छाता और बरसाती लेकर पहुंचे भक्तों ने मां केन माता की विधि-विधान से आरती की और “जय मां केन माता” के जयघोष से पूरा केन तट भक्तिमय कर दिया। महाआरती के दौरान नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक त्रासदी को लेकर गहरा दुख व्यक्त किया गया। इस आपदा में बड़ी संख्या में लोगों की असमय मृत्यु और जन-धन की भारी क्षति पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने संवेदना व्यक्त की। केन माता महाआरती समिति एवं गंगा समग्र की ओर से त्रासदी में अकाल मृत्यु को प्राप्त हुए सभी दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। श्रद्धालुओं ने मां केनेश्वरी से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा उनके परिजनों, घायलों और आपदा से प्रभावित लोगों को इस कठिन समय में धैर्य एवं शक्ति प्रदान करें।
जिलाध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति का उद्बोधन:
इस अवसर पर विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज मूसलाधार बारिश में भी केन माता की महाआरती में जिस तरह श्रद्धालु जुटे हैं, वह हमारी सनातन आस्था की ताकत है। यह महाआरती केवल पूजा नहीं, बल्कि हमारी जीवनदायिनी केन नदी के प्रति कृतज्ञता है। नेपाल की त्रासदी ने हम सभी को झकझोर दिया है। आज हमने यहां दो मिनट मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी है। हम गंगा समग्र के साथ मिलकर यह संकल्प लेते हैं कि नदियों को मां मानना है तो उनकी स्वच्छता और संरक्षण भी हमारा ही दायित्व है। केन माता की आरती के साथ-साथ केन नदी को निर्मल और अविरल बनाना भी हमारी पूजा है।”
विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति और गंगा समग्र कानपुर प्रांत मिलकर बुंदेलखंड की नदियों – केन, यमुना को बचाने के लिए जन-जागरूकता अभियान चलाएगा। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि केन नदी में प्लास्टिक, कचरा न डालें और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस धरोहर को सुरक्षित रखें। महाआरती में गंगा समग्र कानपुर प्रांत, विश्व हिंदू महासंघ गौरक्षा समिति के जिला अध्यक्ष अधिवक्ता प्रकोष्ठ दीपक शुक्ला, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश कुमार धुरिया, जिला उपाध्यक्ष आलोक कुमार प्रजापति, जिला संगठन मंत्री मनीष साहू, जिला मंत्री महेश प्रसाद गुप्ता, तहसील महामंत्री सदर वीरेंद्र प्रजापति, लोहा सिंह, जसवंत सिंह सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


