नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों की बौछार लगभग ₹14.5 करोड़ की योजनाओं को मिली मंजूरी विज्ञापन पर लगेगा टैक्स

खागा फतेहपुर ::- इस वक़्त की बड़ी खबर से आपको रूबरू करवा दें की नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को बोर्ड की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बैठक की ग‌ई। बैठक में नगर के चहुंमुखी विकास, स्वच्छता और राजस्व वृद्धि को लेकर कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। इस दौरान लगभग 14.5 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों के प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। बैठक में अधिशासी अधिकारी देवहूति पांडेय, नगर पंचायत अध्यक्षा गीता सिंह, अश्वनी कुमार बाबू, संदीप सिंह सहित सभी वार्डों के सम्मानित सभासदगण मुख्य रूप से मौजूद रहे।

इनसेट

सड़कों और नालियों के लिए मिलेंगे लगभग ₹10 करोड़

बैठक में सबसे बड़ा फैसला बुनियादी ढांचे को लेकर हुआ। ‘मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना 2026-27’ के तहत नगर में लगभग ₹10 करोड़ की लागत से चमचमाती सड़कों और आधुनिक नालियों के निर्माण की कार्य योजना को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही, नगर के विभिन्न वार्डों में क्षतिग्रस्त और टूटी-फूटी नालियों की मरम्मत (मुरम्मतकरण) कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया, ताकि जलभराव की समस्या को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके। बैठक में नगर पंचायत कार्यालय भवन की मरम्मत और रंगाई-पुताई कराने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई।

इनसेट

स्वच्छता के क्षेत्र में बड़ा कदम: बनेंगे MRF और FSTP प्लांट

नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए दो बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। कचरा प्रबंधन को बेहतर करने के लिए लगभग डेढ़ करोड़ (₹1.5 करोड़) की लागत से एक नया एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं, सीवेज और अपशिष्ट जल के निस्तारण के लिए लगभग ₹3 करोड़ की लागत से एफएसटीपी (फेकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) बनाने की कार्य योजना स्वीकृत की गई है, जिसे जल्द ही मंजूरी के लिए शासन को भेजा जाएगा।

दो ऐतिहासिक तालाबों का होगा जीर्णोद्धार

पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए नगर के दो प्रमुख तालाबों के साफ-सफाई और सुंदरीकरण का निर्णय लिया गया है। इसमें पहला किशनपुर रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के समीप वाला तालाब है, जहाँ वर्तमान में अत्यधिक पानी भरा हुआ है। दूसरा वर्दी के पुरवा का तालाब है। इन दोनों तालाबों की युद्ध स्तर पर सफाई कराई जाएगी।

बिना टैक्स दिए नहीं लग सकेंगे होर्डिंग-बैनर, राजस्व बढ़ाने पर जोर

नगर पंचायत की आय (राजस्व) बढ़ाने के लिए बोर्ड ने एक बड़ा फैसला लेते हुए विज्ञापन कर लगाने का प्रस्ताव पारित किया है। नए नियम के तहत, अब नगर क्षेत्र में जो भी व्यावसायिक होर्डिंग, बोर्ड या बैनर लगाएगा, उसे सबसे पहले नगर पंचायत कार्यालय में निर्धारित टैक्स जमा करना होगा। टैक्स जमा होने के बाद ही नगर पंचायत द्वारा विज्ञापन के लिए जगह अलॉट (आवंटित) की जाएगी। बिना अनुमति विज्ञापन लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

नगर पंचायत खागा के ज्ञानेंद्र गुप्ता नामित सभासद ने लिखित पत्र देकर कुछ प्रस्ताव रखा हैँ नगर पंचायत खागा क्षेत्र अंतर्गत गिरजादेवी महाविद्यालय एवं रेलवे स्टेशन के निकट एक भव्य तालाब का नव निर्माण कराया गया हैँ यह तालाब क्षेत्र की सुंदरता एवं जल संरक्षण की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैँ उन्होंने विनम्र निवेदन किया हैँ की राष्ट्र भक्ति की अमर रचना “विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊँचा रहे हमारा “जैसे कालजयी झंडा गीत के रचयिता फतेहपुर की पावन धरती पर जन्मे अमर सपूत “स्व. श्यामलाल गुप्ता पार्षद “जी के स्मृति को चिरस्थाई बनाने हेतु उक्त नवनिर्मित तालाब का नामकरण “श्री श्यामलाल गुप्ता ‘पार्षद स्मृति सरोवर ” किया जाये, साथ ही तालाब परिसर में उनकी एक प्रतिमा भी स्थापित कराई जाये, जिसमे आने वाली पीढ़ियां उनके देशप्रेम एवं साहित्यिक योगदान से प्रेरणा ले सके। यह कदम नगर पंचायत खागा के लिए गौरव का विषय होगा और राष्ट्रीय चेतना को भी शुद्रढ करेगा.

नगर पंचायत खागा के अंतर्गत विकास कार्यों के सम्बन्ध में प्रस्ताव दिया गया

-नगर क्षेत्र के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के बैठने के लिए कुर्सी मेज की व्यवस्था

-कस्बे के अंदर पुरानी बनी हुई सड़को का मरम्मतीकरण अथवा नवीनीकरण

-नूरी मस्जिद के सामने वाली सड़क जो की जिला पंचायत अध्यक्ष के गेट तक मरम्मत एवं दोनों तरफ नालियों में चटिया रखी जाये

-इमली के पेढ़ के पास सड़को की मरम्मत एवं टूटी पुलिया

-घसीटे एवं गनी के मकान से मो. राजू राइन के आगे चकरोड़ तक इंटरलाकिंग सड़क वार्ड न. 19 अस्फाक उल्ला नगर

-वार्ड न.8 बुद्ध नगर प्राइवेट प्राथमिक विद्यालय कटखेरवा गेट से इंटरलाकिंग रोड तक लगभग 90 मीटर का प्रस्ताव रखा

बैठक के अंत में अधिशासी अधिकारी और अध्यक्षा ने सभी सभासदों का आभार जताते हुए कहा कि इन सभी योजनाओं के धरातल पर उतरने से नगर की सूरत बदल जाएगी।

Crime24hours/समाचार संपादक आलोक कुमार केशरवानी