धार्मिक त्योहारों से पहले सड़क दुरुस्त कराने की मांग, SDM ने PWD जेई को दिए तत्काल निर्देश

मांग पत्र पहुंचते ही हरकत में प्रशासन, धार्मिक त्योहारों से पहले खागा की जर्जर सड़क होगी दुरुस्त

फतेहपुर खागा ::- आगामी धार्मिक त्योहारों को देखते हुए खागा नगर की जर्जर सड़क को दुरुस्त कराने की मांग को लेकर श्री रामलीला कमेटी, श्री राम अयोध्या मंदिर खागा की ओर से एसडीएम अश्वनी पांडेय को मांग पत्र सौंपा गया। कमेटी ने सड़क की बदहाल स्थिति से होने वाली परेशानियों और धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की।

मांग पत्र में कमेटी ने बताया कि 14 सितंबर से गणेश पूजा के साथ धार्मिक आयोजनों का सिलसिला शुरू हो जाएगा, जिसके बाद नवरात्रि, दशहरा समेत कई प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम होंगे। ऐसे में खागा कस्बे की जर्जर सड़क श्रद्धालुओं और आयोजकों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।

कमेटी ने मांग की कि गणेश पूजन की तारीख 14 सितंबर से पूर्व सड़क की मरम्मत कराई जाए। इसके अलावा 22 सितंबर तक गणेश विसर्जन के लिए जाने वाले वाहनों के चलने योग्य मार्ग को व्यवस्थित करने तथा आगामी धार्मिक आयोजनों को देखते हुए सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की गई। मांग पत्र में यह भी कहा गया कि खागा कस्बे के ऐतिहासिक एवं पारंपरिक दशहरा मेले के दृष्टिगत 5-6 अक्टूबर तक सड़क को पूरी तरह दुरुस्त कराया जाए।

मांग पत्र मिलने के बाद एसडीएम अश्वनी पांडेय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पीडब्ल्यूडी के जेई राम लखन वर्मा को बुलाया। एसडीएम ने धार्मिक त्योहारों की संवेदनशीलता और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सख्त लहजे में सड़क को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

एसडीएम के निर्देश के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि धार्मिक आयोजनों से पहले जर्जर सड़क की मरम्मत का काम शुरू होगा और श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत मिलेगी।

श्रीराम लीला कमेटी द्वारा समाधान दिवस में दिए गए मांगपत्र में प्रमुख रूप से कमेटी के अध्यक्ष प्रकाश पांडेय, मंत्री सूर्य प्रकाश सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता रामसखा द्विवेदी, अरविन्द पांडे एडवोकेट,पप्पू विश्वकर्मा, व अनूप कौशल, आदि लोग उपस्थित रहे।