लाखों की लागत से बन रहे नाले में भ्रष्टाचार का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश

खागा/फतेहपुर ::-  जनपद के विजयीपुर ब्लॉक अंतर्गत गुरुवल ग्राम पंचायत में बन रहे लाखों रुपये की लागत वाले नाले के निर्माण में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और मानकों की अनदेखी को लेकर कड़ा विरोध जताया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि नाले के निर्माण में तीसरे दर्जे की पीली, टूटी-फूटी ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई जगहों पर अधूरी और आधी ईंटों को जोड़कर काम किया जा रहा है, जिससे नाले की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। साथ ही सीमेंट और अन्य सामग्री की गुणवत्ता भी बेहद खराब बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह निर्माण कार्य जिला पंचायत की कार्यदायी संस्था के माध्यम से कराया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से कोई ठोस निगरानी नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पूरे मामले में मिलीभगत कर सरकारी धन का बंदरबांट किया जा रहा है।

गांव के लोगों में इसको लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही निर्माण कार्य की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

फिलहाल इस पूरे मामले में संबंधित अधिकारियों की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है।

ब्यूरो रिपोर्ट