वृक्षारोपण है जलवायु परिवर्तन का प्रमुख समाधान- श्रीराम सिंह

जनपद बांदा।

जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभाव, जिस गति से समस्त प्राणी व वनस्पति जगत के जीवन में बाधाएं डालने का कार्य कर रहे हैं , उसी गति से मानव को इस समस्या के निपटने का प्रयास कर देना चाहिए। यह वक्तव्य पंजीकृत गैर सरकारी संस्था “जीवन सुधा शिक्षा, जल संरक्षण एवं वृक्षारोपण फाउंडेशन ” के संस्थापक एवं मुख्य टिकट निरीक्षक श्रीराम सिंह लोध ने ,संस्था द्वारा इंटरमीडिएट कॉलेज तिंदवारा (बांदा)में आयोजित “पर्यावरण जागरूकता एवं वृक्षारोपण महोत्सव “कार्यक्रम के दौरान दिए।

उन्होंने बच्चों से वर्तमान अनुकूल मौसम में अधिक से अधिक वृक्षों का रोपण एवं उनको सहेजने का आह्वान किया। बुंदेलखंड इंटर कॉलेज डिंगवाही के प्रबंधक इंजीनियर बी.एल.सिंह ने वर्तमान वर्षा के मौसम में जल संग्रहण कर भूमिगत जल भंडारण की वृद्धि में योगदान देने का आग्रह किया। बागवानी विशेषज्ञ हनुमान दास राजपूत ने प्रकृति का तारतम्य ईश्वर से स्थापित किया एवं खेती के लिए नितांत महत्वपूर्ण नाइट्रोजन, जो वर्षा के जल के साथ खेतों को भिगोती है, उसे मेड बंदी के द्वारा खेत में ही सहेजने को अभिभावकों से साझा करने का संकल्प दिलाया, जिससे पैदावार बढ़ाने के लिए ऊपर से डाली जाने वाली यूरिया की खपत को कम किया जा सके। शिक्षक के.सी. तिवारी ने बच्चों से संस्था की टीम द्वारा समस्त प्राणियों के जीवन संरक्षण हेतु दिए गए मार्गदर्शन को आत्मसात कर उन्हें कार्य रूप में परिवर्तन का आग्रह किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य धनराज कोटार्य द्वारा जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण विषय पर बच्चों से विस्तार से चर्चा -परिचर्चा के लिए आगंतुक टीम का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम की समाप्ति के बाद बच्चों द्वारा विद्यालय प्रांगण में जीवन सुधा फाउंडेशन द्वारा लाए गए वृक्षों का रोपण कराया गया, जिससे बच्चों में प्रकृति संरक्षण के प्रति कर्तव्य भावना का विकास किया जा सके।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट