जनपद बांदा।
बांदा में लगातार हो रही भारी वर्षा और बाढ़ से उत्पन्न गंभीर हालात को देखते हुए जनता दल (यूनाइटेड) की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं बुंदेलखंड संगठन प्रभारी शालिनी सिंह पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर बांदा जनपद सहित संपूर्ण बुंदेलखंड को तत्काल आपदा क्षेत्र घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि विगत कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण बुंदेलखंड के अनेक क्षेत्रों में बाढ़ और जलभराव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। किसानों की मूंगफली, ज्वार, मूंग, उड़द, तिल, धान, मक्का सहित अन्य फसलें बर्बाद हो गई हैं। बड़ी संख्या में मकान गिरने से परिवार बेघर हुए हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। अनेक गांवों में सड़क, पुल-पुलिया एवं संपर्क मार्ग बाधित होने से आवागमन प्रभावित है। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि यह अब सामान्य बारिश नहीं, बल्कि बुंदेलखंड के सामने खड़ी गंभीर प्राकृतिक आपदा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर ग्रामवार फसल, मकान एवं जनहानि का सर्वे कराया जाए, किसानों को फसल क्षति का उचित मुआवजा, बेघर परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता तथा मृतकों के परिजनों को सहायता उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, भोजन, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों को तत्काल बहाल कराने की मांग की गई है। उन्होंने बुंदेलखंड के लिए विशेष आपदा राहत एवं पुनर्वास पैकेज जारी करने की भी अपील की। शालिनी सिंह पटेल ने कहा कि वर्षा अभी भी जारी है, ऐसे में राहत एवं सर्वेक्षण में देरी से नुकसान और बढ़ सकता है। इसलिए सरकार तत्काल उच्चस्तरीय हस्तक्षेप कर प्रभावित जनता को राहत और किसानों को मुआवजा दिलाए।
Crime 24 Hours / Mitesh Kumar


