सीएम के संभावित दौरे को लेकर DM-SP ने की बैठक

स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा के दिए कड़े निर्देश

फतेहपुर :’-  जनपद में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार को जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने गांधी सभागार में बैठक की और फिर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में हुई बैठक के दौरान अधिकारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, रूट चार्ट और ड्यूटी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। DM और SP ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है।

DM और SP ने प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग स्थल, आगमन-निर्गमन मार्ग, वीआईपी मूवमेंट, बैरिकेडिंग और ड्यूटी प्वाइंट का भी गहन निरीक्षण किया। इस दौरान यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था के हर बिंदु को परखा गया।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए सभी सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक प्रभावी, सुदृढ़ और चाक-चौबंद रखा जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।