
जनपद बांदा।
बांदा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शहर से सटे ग्राम कनवारा (धंधू डेरा) में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। गांव के कई घरों में पानी घुस जाने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया और खाने-पीने के सामान सहित अनाज भी बर्बाद हो गया। इस गंभीर समस्या से परेशान होकर मासूम बच्चों, बुजुर्ग महिलाओं और परिवारों के मुखियाओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण देर रात अपनी फरियाद लेकर सीधे जिलाधिकारी (डीएम) आवास पहुंच गए। ग्रामीणों द्वारा त्वरित राहत और जल निकासी की गुहार लगाए जाने के बाद जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए नायब तहसीलदार और अन्य अधिकारी रात में ही गांव पहुंचे और जेसीबी मशीनों के माध्यम से बंद पड़े पानी के बहाव को खुलवाकर जल निकासी की व्यवस्था शुरू कराई। प्रशासन ने पीड़ित ग्रामीणों को हरसंभव सहायता और बच्चों की शिक्षा सामग्री की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया है।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


