चौरीचौरा पुलिस ने चेन स्नैचिंग गिरोह के 16 लोगों को पकड़ा

शेयर करे

तरकुलहा देवी स्थान पर दर्शन करते समय लोगों के उड़ाते थे गहने 

लग्जरी वाहनों से चलते थे चोर 

गोरखपुर।चौरी चौरा पुलिस ने तरकुलहा मंदिर में हुई चेन स्नेचिंग की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक बड़े गैंग को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुल 16 आरोपियों को दबोचा है, जिनमें 8 महिलाएं और 8 पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच लग्जरी कारें तथा अन्य सामान भी बरामद किया है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि तरकुलहा देवी मंदिर पर लगने वाले मेले के दौरान यह गिरोह सक्रिय रहता था। भीड़ का फायदा उठाकर महिला सदस्य श्रद्धालुओं के गले से सोने की चेन झपट लेती थीं। इसके बाद वे चेन अपने पुरुष साथियों को सौंप देती थीं, जो लग्जरी वाहनों के जरिए मौके से फरार हो जाते थे।यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में तथा तरकुलहा चौकी इंचार्ज सौरभ झा की टीम द्वारा की गई। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार गिरोह काफी संगठित तरीके से काम करता था और अलग-अलग भूमिकाएं तय थीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गिरोह ने अन्य स्थानों पर भी ऐसी वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।