सत्ता के इशारे पर पत्रकारों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं : अमरजीत सिंह
– ग्रामीण पत्रकारों के सम्मान और अधिकार के लिए सड़क पर उतरने की चेतावनी, मंच से प्रशासन को दो-टूक संदेश
बिंदकी, फतेहपुर। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, तहसील इकाई बिंदकी की बैठक शनिवार को न्यू वेद लॉज में आयोजित हुई। बैठक में ग्रामीण पत्रकारों की समस्याओं, उनके सम्मान और संगठन की मजबूती को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं अमर चेतना के संपादक अमरजीत सिंह के तेवर सबसे तल्ख रहे। उन्होंने मंच से प्रशासन और सत्ताधारियों को दो-टूक चेतावनी देते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकारों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार आज सबसे ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है, लेकिन थाने और तहसील स्तर पर उसी को सबसे अधिक अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में कुछ अधिकारी आंखें बंद किए हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि ग्रामीण पत्रकारों का उत्पीड़न बंद नहीं हुआ तो संगठन चुप नहीं बैठेगा और सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
उनके इस तेवरदार वक्तव्य पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौजूद पत्रकारों ने एकजुट होकर संगठन के संघर्ष में साथ देने का संकल्प भी जताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील अध्यक्ष सोमदत्त द्विवेदी ने की। मुख्य अतिथि बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने आज तक पत्रकारों की किसी खबर का विरोध नहीं किया है। उन्होंने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए निष्पक्ष पत्रकारिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
जिलाध्यक्ष कुमुद तिवारी ने संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश प्रदेश का सबसे बड़ा पत्रकार संगठन है। उन्होंने संगठन की एकजुटता और पत्रकारों के हितों के लिए निरंतर संघर्ष की बात कही।
बैठक में एसडीएम निशांत तिवारी, सीओ प्रियांक जैन, सपा नेता दयालु गुप्ता, राजा भैया, त्रिलोकी नाथ पांडेय, रवीन्द्र त्रिपाठी, चंद्रिका दीक्षित, अतुल द्विवेदी, मंडल सचिव विमल सिंह चौहान, मंडल सदस्य मनोज मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से सभी सदस्यों को प्रतीक चिह्न, बैग, डायरी और पेन देकर सम्मानित किया गया। बैठक में तहसील अध्यक्ष सोमदत्त द्विवेदी, सुनील तिवारी, संतोष तिवारी, सर्वेश दीक्षित, सुनील पाण्डेय, अनुपम शुक्ला, विपिन कुमार पटेल, संतोष कुमार शुक्ल, मनोज कुमार मिश्रा, विमल सिंह चौहान, ज्ञानेन्द्र शुक्ला, कोमल निषाद, नरेश वर्मा, रतनलाल सोन, शिवशंकर यादव, मधु निषाद, राजू यादव, सोना यादव, उमेश चन्द्र, सत्यम बाजपेयी, सत्यनारायण सिंह (कल्लू), अनीस अहमद, रमेश वाल्मीकि, रूपपाल पटेल, अमर कुमार द्विवेदी, प्रद्योत कश्यप, आनंद, प्रभाकांत तिवारी आदि मौजूद रहे।


