रोटी बैंक ने चिल्ली में बांटी खुशियां, 350 जरूरतमंदों को मिली मदद

जनपद बांदा।

बांदा में सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए बांदा रोटी बैंक सोसाइटी ने रविवार को ग्राम चिल्ली में वृहद सेवा अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 350 जरूरतमंद ग्रामीणों, महिलाओं और बच्चों को कपड़े, साड़ी, किताबें, पर्स, जूते-चप्पल समेत दैनिक उपयोग की विभिन्न सामग्री वितरित की गई। जरूरत की सामग्री पाकर ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और उन्होंने संस्था की टीम को दुआओं और आशीर्वाद से नवाजा।

रोटी बैंक सोसाइटी पिछले आठ वर्षों से प्रत्येक रविवार जरूरतमंदों की मदद करती आ रही है। शहर के जागरूक नागरिकों द्वारा दान स्वरूप उपलब्ध कराई गई उपयोगी सामग्री को संस्था जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाती है। चिल्ली में आयोजित अभियान ने भी सेवा, सहयोग और सामाजिक सरोकार का प्रभावी संदेश दिया।

कार्यक्रम संस्था के संरक्षक शेख सादी जमा एवं सह संरक्षक चन्द्रमौली भारद्वाज के संरक्षण में, उपाध्यक्ष मोहम्मद सलीम की अध्यक्षता तथा शाखा प्रमुख खुटला महेन्द्र पाल के नेतृत्व में हुआ। ग्राम प्रधान अशोक कुमार प्रजापति के निर्देशन और सहयोग से अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वितरण के साथ ग्रामीणों को सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। महिला उपाध्यक्ष तरन्नुम फात्मा ने ग्रामीणों को वृक्षारोपण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात नियमों और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के समापन पर सदस्य शिवकरन निषाद ने दानदाताओं, सहयोगियों और ग्रामवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों के साथ खड़े होकर उनके जीवन में उम्मीद और मुस्कान लाना ही सच्ची सेवा है। इस मौके पर अध्यक्ष रिजवान अली, कार्यालय प्रभारी मोहम्मद शमीम,शाखा प्रमुख ईदगाह नसीर खान ,शहाना खान, मुमताज बेगम, सचिन साहू, जितेन्द्र कुमार सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी सदस्य एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

Crime 24 Hours / Mitesh Kumar