सभासद ने नगर पंचायत पर लगाए गंभीर आरोप-मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी का दावा

शेयर करे

समस्याओं का समाधान न होने पर डीएम कार्यालय घेराव की चेतावनी

खखरेरू/फतेहपुर ::- नवसृजित नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर 13 सरोजनी नगर के सभासद शकील अहमद ने नगर पंचायत प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सभासद ने वीडियो बयान जारी करके वार्ड में व्याप्त समस्याओं को बताया की पिछले तीन दिनों से बिजली की लाइन का तार कटा हुआ है, जिससे क्षेत्र के लोग अंधेरे और परेशानी का सामना कर रहे हैं, लेकिन इस संबंध में नगर पंचायत का कोई भी कर्मचारी फोन तक उठाने को तैयार नहीं है।

सभासद ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत के कर्मचारी और चेयरमैन वार्ड की समस्याओं को लेकर पूरी तरह उदासीन रवैया अपनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि उनके वार्ड में कई स्थानों पर पेयजल के लिए बोर की सख्त आवश्यकता है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचता है और न ही कोई ठोस कार्रवाई की जाती है।

शकील अहमद ने कहा कि सरकारी स्तर पर बोर लगाए जाने में नगर पंचायत का कोई खर्च नहीं होता, इसके बावजूद मजबूरी में उन्हें अपनी जेब से बोर का सामान मंगवाना पड़ रहा है। इसके बाद भी नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी मौके पर आकर स्थिति तक देखने नहीं आते, जिससे वार्डवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

सभासद ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी समस्याओं पर शीघ्र सुनवाई नहीं हुई तो वह करीब दो सैकड़ा लोगों के साथ फतेहपुर के जिलाधिकारी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी ने बताया कि सभी वार्डो का विकास कार्य किया जा रहा है वार्ड नंबर 13 में पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए चार बोर करवाए गए आंगनबाड़ी केंद्र बनवाया जा रहा है वार्ड की लगभग सभी गलियों में इंटरलॉकिंग करवा दी दिया गया है सभासद को निजी लाभ न मिलने के कारण मनगढ़ंत आरोप लगा रहे हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट