भाजपा सांसद के गनर हेड कांस्टेबल अभिषेक की मौत की सूचना से असोथर में मातम

 

दो गंभीर घायलों की जानकारी मिलने पर परिजनों में मचा कोहराम, मां परिजनों के साथ कानपुर रवाना

असोथर/फतेहपुर।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के स्कॉर्ट में चल रही स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराने के हादसे में असोथर निवासी हेड कांस्टेबल अभिषेक त्रिपाठी उर्फ अन्नू (38) की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मियों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलने पर परिजन बदहवास हो गए। सूचना मिलते ही अभिषेक की मां शकुंतला त्रिपाठी अन्य परिजनों के साथ कानपुर के लिए रवाना हो गईं।
अभिषेक त्रिपाठी स्वर्गीय संजीव कुमार त्रिपाठी के बड़े बेटे थे। उनकी शादी 13 दिसंबर 2015 को कानपुर के रामादेवी में गुड़िया त्रिपाठी से हुई थी। वह पत्नी और चार साल की बेटी के साथ कन्नौज में रहकर पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे। उन्हें पुलिस सेवा में करीब 18 वर्ष हो चुके थे।
अभिषेक ने बीए की पढ़ाई करने के साथ फतेहपुर से आईटीआई भी किया था। परिवार में वह दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके छोटे भाई आशीष त्रिपाठी करीब 35 वर्ष के हैं और कानपुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाते हैं। आशीष की शादी वर्ष 2025 में हुई थी। दोनों भाइयों के नाम करीब 15 बीघा खेत हैं।
अभिषेक की मौत की सूचना से असोथर स्थित उनके पैतृक आवास पर शोक का माहौल है। पत्नी और चार साल की बेटी के सिर से पिता का साया उठने की खबर से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। परिजन हादसे से जुड़ी जानकारी लेने के लिए रवाना हो गए हैं।