गुम हुए 14 वर्षीय बच्चे के परिजनों का पता लगाकर सकुशल किया सुपुर्द

जनपद बांदा।

पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल के निर्देशन व अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के नेतृत्व में चलाये जा रहे अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के क्रम में बुधवार दिनांक 09 सितंबर 2026 को ऑपरेशन मुस्कान के तहत विशेष किशोर पुलिस इकाई (SJPU) चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा द्वारा गुम/भटके 14 वर्षीय बच्चे के परिजनों का पता लगाकर सकुशल सुपुर्द किया गया है। पुलिस की जानकारी के अनुसार दिनांक 07 सितंबर 2026 को आरपीएफ को ट्रेन में यात्रा कर रहे एक व्यक्ति द्वारा एक बच्चे के संबंध में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही बच्चे की सुरक्षा एवं संरक्षण को दृष्टिगत रखते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा द्वारा तत्काल कार्यवाही कर बच्चे को सुरक्षित संरक्षण में लिया गया। काउंसलिंग के दौरान बच्चे द्वारा बताया गया कि वह कानपुर में अपनी मौसी के पास रहकर पढ़ाई करता था तथा दिनांक 07 सितंबर 2026 की शाम कानपुर से ट्रेन द्वारा अपने घर जाने के लिए निकला था। यात्रा के दौरान ट्रेन में मौजूद एक व्यक्ति ने बच्चे को अकेले देखकर उसके संबंध में रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर सूचना दी थी। काउंसलिंग के दौरान बच्चे द्वारा अपने घर के संबंध में गोरखपुर देवरिया एवं जनपद मऊ की जानकारी दी गई। बच्चे के परिजनों की सही पहचान एवं पते की पुष्टि हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा द्वारा तीनों जनपदों की चाइल्ड हेल्पलाइन से संपर्क किया गया। इस क्रम में जनपद मऊ चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा बच्चे के मऊ जनपद का निवासी होने की पुष्टि की गई इसके पश्चात चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा द्वारा बच्चे के माता-पिता से संपर्क स्थापित कर उन्हें बच्चे के सुरक्षित संरक्षण एवं उपलब्धता के संबंध में जानकारी दी गई।परिजनों के सत्यापन एवं आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत बच्चे को बाल कल्याण समिति बांदा के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बच्चे को सकुशल पाकर परिजनों द्वारा चाइल्ड हेल्पलाइन बांदा एवं बांदा पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट