संपूर्ण समाधान दिवस पर डीएम व एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं

जनपद बांदा।

बाँदा में शासन के निर्देशों के क्रम में तहसील नरैनी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी एवं पुलिस अधीक्षक बाँदा पलाश बंसल ने संयुक्त रूप से जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। अधिकारियों ने फरियादियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को समझा तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता के रूप में न करें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा में निस्तारित किया जाए तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण एवं अन्य मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय से कार्य करते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ संज्ञान लेकर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई की जाए। उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में प्रभावी एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। शासन की मंशा के अनुरूप प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन प्रकरणों का मौके पर निस्तारण संभव है, उनका मौके पर ही समाधान कराया जाए तथा शेष प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी नरैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट