कमासिन कस्बे में भारी जलभराव से दुकानों और घरों में घुसा पानी, जनप्रतिनिधियों ने किया निरीक्षण

जनपद बांदा।

बांदा में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और नहर की पटरियां कटने से कस्बा कमासिन में जलभराव की स्थिति गंभीर हो गई है। कमासिन रजबहा और बीरा माइनर की पटरी कई स्थानों पर कट जाने से कस्बे के कमासिन-ओरन मार्ग सहित उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक मार्ग पर कमर तक पानी भर गया। इससे जहां लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ, वहीं दुकानों और गरीब परिवारों के घरों में पानी घुसने से भारी नुकसान हुआ है। कई कच्चे मकानों के गिरने का खतरा भी बढ़ गया है। जलभराव की सूचना पर खंड विकास अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत अधिकारी कमासिन केपी सिंह को जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही जलभराव से प्रभावित दुकानों, मकानों और कच्चे घरों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने का आश्वासन ग्रामीणों को दिया।

लगातार बारिश के कारण इटर्रा ग्राम सम्पर्क मार्ग में बागै नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। अधिकारियों के अनुसार बागै नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नागरिकों के आवागमन को देखते हुए नाविकों के साथ दो नावों की व्यवस्था की गई है। वहीं खमारखा तालाब में क्षमता से अधिक पानी भर जाने से उसका तटबंध टूट गया, जिससे आसपास के कई परिवारों के घरों में पानी घुस गया। जलभराव से प्रभावित नासिर खान, बिस्मिल्लाह, निजाम, दीदू खान सहित अन्य परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर प्राथमिक विद्यालय में ठहराया गया है। खमारखा निवासी रामशंकर खेंगर और धनराज सिंह ने भी कच्चे मकानों में पानी भरने तथा मकान गिरने की जानकारी अधिकारियों को दी। इस पर हल्का लेखपाल को तत्काल करवाई और क्षति का सर्वे करने के निर्देश दिए गए।

जल भराव की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला पंचायत वार्ड नंबर 2 की सदस्य रजनी यादव भी कमासिन पहुंची उन्होंने कमासिन ओरण मार्ग और ग्रामीण बैंक रोड पर जल भराव की स्थिति का जायजा लिया तथा प्रभावित व्यापारियों और गरीब परिवारों से मुलाकात की उन्होंने प्रदेश सरकार से जल भराव से पीड़ितों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। जिला पंचायत सदस्य रजनी यादव से कमासिन में उनके स्तर से कराए गए विकास कार्यों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष की ओर से शासन की मंसा के अनुरूप विकास के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं कराया गया जिसके कारण क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सके।

इधर जल भराव और जल निकासी की समस्या का सांसद प्रतिनिधि शिव शंकर सिंह पटेल ने भी मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। व्यापारी विजय वर्मा ने बताया की रात में हुई तेज बारिश और पानी भरने से उनकी दुकान का पूरा सामान नष्ट हो गया इससे परिवार के भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया है वही रोहित यादव ने कच्चा मकान गिरने और विजय कुमार ने भी मकान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी दी। कस्बे में लगातार जलभराव से व्यापारियों ग्रामीणों और राहगीरों में चिंता बनी हुई है।जल निकासी की स्थाई व्यवस्था करने और बारिश से जल भराव के कारण हुए नुकसान का शीघ्र सर्वे कराकर प्रभावित गरीब परिवारों दुकानदारों को मुवावजा दिलाने की मांग की है।

Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट