खखरेरू / फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के ग्राम नसीरपुर में पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट की इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को किसी तरह नियंत्रित किया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार 7 मार्च को दोपहर करीब 1 बजे पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों के आधा दर्जन से अधिक लोग लाठी-डंडे लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना पर उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। पुलिस के अनुसार एक पक्ष से अभिमन्यु निषाद, फेरन, भीमसेन, सुभाष निषाद और रामबहादुर, जबकि दूसरे पक्ष से राकेश कुमार पाल, धोनी पाल, दुर्गेश पाल, लवलेश और नीरज निषाद सहित अन्य लोग मारपीट में शामिल थे।
उपनिरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने व जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव की रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट



