जनपद बांदा।
बांदा जनपद के भूरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत केन नदी आरती स्थल पर सैकड़ों भक्तों ने माँ केन की महा आरती बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न की। दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। आरती के पश्चात सभी भक्तों ने एक स्वर में भारत सरकार से विशेष अपील की। भक्तों ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर देश भर के छात्र-छात्राएं विशाल धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। पेपर लीक, भर्ती घोटाले और बेरोजगारी के कारण हमारे युवा सड़कों पर हैं। इससे भारत की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खराब हो रही है। इस संबंध में महेश कुमार प्रजापति – जिला संयोजक, गंगा समग्र एवं जिला अध्यक्ष, गौ रक्षा समिति ने कहा कि माँ केन की आरती के इस पावन अवसर पर हम सिर्फ दीप नहीं जला रहे, हम देश के भविष्य के लिए प्रार्थना भी कर रहे हैं। आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर हमारे छात्र भाई-बहन भूखे-प्यासे बैठे हैं। उनकी मांग जायज है। सरकार को तुरंत प्रतिनिधिमंडल भेजकर उनसे वार्ता करनी चाहिए और उनकी समस्याओं का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में शांति और विश्वास तभी बहाल होगा जब युवा को न्याय मिलेगा। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने भारी स्वर में मांग की है कि भारत सरकार एक कड़ा कानून बनाए जो लोग परीक्षा पेपर लीक करते हैं, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं, ऐसे गद्दारों को फांसी की सजा हो। जब तक कठोर सजा नहीं होगी, ये माफिया रुकेंगे नहीं। गंगा-केन जैसी पवित्र नदियां हमें सिखाती हैं – अन्याय के खिलाफ आवाज उठाओ। हम छात्रों के साथ हैं।
इस मौके पर केन तट से भक्तों की तीन प्रमुख मांगे:
1. भारत सरकार का प्रतिनिधिमंडल तुरंत जंतर-मंतर जाकर आंदोलनकारी छात्रों से बात करे और मांगें माने
2. राष्ट्रीय स्तर पर “परीक्षा लीक निवारण कानून” बने। दोषियों को फांसी और संपत्ति जब्त की सजा हो
3. देश में शांति और पारदर्शिता बहाल करने के लिए युवाओं को समय पर नौकरी और न्याय मिले।
आरती में शामिल सभी भक्तों ने माँ केन से प्रार्थना की कि देश के युवा को न्याय मिले और भारत फिर से विश्व गुरु बने।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


