खखरेरू/फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के बिछियावां गांव में रास्ते में कीचड़ और गंदगी को लेकर हुए विवाद में एक महिला के साथ मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला पार्वती पत्नी सुरेश साहू ने थाने में दी गई तहरीर में बताया कि 1 फरवरी की शाम लगभग 4 बजे वह अपने दरवाजे के सामने बकरी व भैंस के बच्चे बांधने के बाद रास्ते में फैले कचरे व कीचड़ की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले प्रेमचंद उर्फ मिजाजी मौर्य की पत्नी ने रास्ते को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान महिला का पति प्रेमचंद पुत्र स्वर्गीय दशरथ मौर्य लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंचा और पीड़िता पार्वती के साथ मारपीट कर दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आ गई।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट



