सांड के हमले में दो ग्रामीण घायल, एक की हालत गंभीर

खखरेरू / फतेहपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत खखरेरू वार्ड नंबर 9 चंद्रशेखर आजाद नगर मनकापुर गांव में गुरुवार सुबह अन्ना सांड के हमले से दो ग्रामीण घायल हो गए। घटना से गांव में दहशत का माहौल बन गया है।

जानकारी के अनुसार मनकापुर निवासी लल्लू उर्फ फूलचंद पासवान (52 वर्ष) और राजू पासवान (40 वर्ष) सुबह अपने खेत में लाही काटने के लिए जा रहे थे। दोनों रास्ते में आपस में बातचीत करते हुए गौशाला के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान वहां घूम रहे अन्ना सांड ने अचानक हमला कर दिया।

बताया जा रहा है कि सांड ने पीछे से आकर फूलचंद पासवान को सींग मारकर उठाकर फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पास में मौजूद राजू पासवान को भी सांड ने दौड़ा लिया, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं।

घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। राजू पासवान का गांव में ही प्राथमिक उपचार कराया गया, जबकि फूलचंद पासवान की हालत गंभीर देखते हुए ग्रामीणों ने 108 नंबर एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खखरेरू भेजा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि यह अन्ना सांड कई दिनों से गांव में आतंक मचाए हुए है और लोगों को देखकर हमला करने के लिए दौड़ पड़ता है। इससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अन्ना पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजने की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी बड़ी घटना से बचाव हो सके।इस विषय में ई ओ हरेंद्र सिंह से वार्ता करने पर बताएं की सांड को पड़कर किसी गौशाला में छोड़ा जाएगा