खागा को जिला बनाने के लिए जनमत संग्रह/ हस्ताक्षर अभियान तेज

बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के नेतृत्व में जनमत संग्रह अभियान, प्रवीण पांडेय ‘पर्यावरण पहरूवा’ ने उठाई ऐतिहासिक मांग

खागा /फतेहपुर ::- 
बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय के नेतृत्व में खागा तहसील को जिला बनाए जाने की मांग को लेकर जनमत संग्रह के तहत हस्ताक्षर अभियान तेज हो गया है। यह अभियान गांव-गांव और कस्बों तक पहुंचकर व्यापक जनसमर्थन जुटा रहा है।
प्रवीण पांडेय ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चलाया जा रहा है, जिसमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि खागा क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत, भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक जरूरतों को देखते हुए इसे जिला बनाना समय की मांग है।
उन्होंने 6 मार्च 1858 की ऐतिहासिक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि फतेहपुर जिला जेल में अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह सहित सात क्रांतिकारियों को अंग्रेजी हुकूमत ने फांसी दी थी। ऐसे बलिदानी क्षेत्र को सम्मान दिलाने के लिए खागा को “अमर शहीद ठाकुर दरियाव सिंह नगर” के रूप में जिला घोषित किया जाना चाहिए।
अभियान के दौरान लोगों में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में नागरिक हस्ताक्षर कर अपना समर्थन दे रहे हैं। कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और इस जनआंदोलन से जुड़ने की अपील कर रहे हैं।
प्रवीण पांडेय ‘पर्यावरण पहरूवा’ ने कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान शासन तक जनता की आवाज पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा और जनसमर्थन के आधार पर यह मांग जल्द ही पूरी होगी।

ब्यूरो रिपोर्ट