फतेहपुर खखरेरू के धाता विकास खंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय घरवासीपुर के छात्र पंकज ने मंडल स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025–26 में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता प्रयागराज मंडल के अंतर्गत प्रयागराज में आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न जिलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में कक्षा 5 के छात्र पंकज ने 50 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़ तथा लंबी कूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर मंडल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से धाता ब्लॉक में हर्ष का माहौल है। पंकज ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे ब्लॉक का मान-सम्मान बढ़ाया है।
इस सफलता का श्रेय खंड शिक्षा अधिकारी, धाता, फतेहपुर के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन को दिया जा रहा है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक बंशी लाल ने छात्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पंकज की मेहनत, अनुशासन और नियमित अभ्यास का यह परिणाम है।
विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक, प्राथमिक विद्यालय रतनपुर के प्रधानाध्यापक शशांक सिंह तथा प्राथमिक विद्यालय शाहनगर, धाता के प्रधानाध्यापक अशोक कुमार सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने पंकज के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पंकज की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और क्षेत्रवासियों में गर्व की भावना व्याप्त है।



