अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता ने ससुरालीजनों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

शेयर करे

खखरेरू/फतेहपुर ::-थाना क्षेत्र के नगर पंचायत निवासी एक महिला ने अपने ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता ने पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उसका विवाह 29 नवंबर 2021 को नगर पंचायत निवासी राशिद सिद्दीकी पुत्र सेफात के साथ हुआ था।
पीड़िता के अनुसार, शादी के बाद कुछ समय तक सब कुछ सामान्य रहा। इसी बीच उसके एक तीन वर्षीय पुत्र का जन्म हुआ। आरोप है कि इसके बाद ससुरालीजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में उसके पिता से 20 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जाने लगा। महिला का कहना है कि विवाह के समय उसके माता-पिता ने अपनी हैसियत से बढ़कर दहेज दिया था, इसके बावजूद अब अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही है, जिसे पूरा करना उनके लिए संभव नहीं है।

महिला ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुर सेफात, संजीदा बानो, जेठ अलेहसन, जेठानी जूही, ननद रोशनी, पति राशिद तथा उनकी मामी नूरी द्वारा उसके साथ मारपीट की गई, गहने छीन लिए गए और उसे घर से भगा दिया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि जब उसके पिता ने सुलह के उद्देश्य से ससुराल पक्ष से बातचीत करनी चाही तो उनके साथ गाली-गलौज कर भगा दिया गया। साथ ही घर आने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।

इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट