गुठनी के ताली नहर पुल के पास पुलिस की छापेमारी, 368 लीटर शराब बरामद; तीन तस्कर गिरफ्तार
गुठनी थाना क्षेत्र के ताली नहर पुल के समीप शनिवार की दोपहर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की। थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी क्रम में एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस के अनुसार, स्विफ्ट कार बीआर 04 एडी 4206 से कुल 305.280 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। मौके से महाराजगंज थाना क्षेत्र के देवरिया गांव निवासी पंकज कुमार और मुदित राय उर्फ मितू राय को गिरफ्तार कर लिया गया। वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में शराब तस्करी के संबंध में अहम जानकारी मिलने की बात कही जा रही है। इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार युवक को भी पकड़ा, जिसके पास से 63 लीटर देशी शराब बरामद हुई। गिरफ्तार युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बनकटा थाना क्षेत्र के सोहनपुर निवासी आकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी बाइक भी जब्त कर ली है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।



