खखरेरू / फतेहपुर ::- थाना खखरेरू में तैनात महिला आरक्षी सावित्री देवी के पति अर्जुन कुमार पुत्र राजवीर, उम्र लगभग 32 वर्ष शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन कुमार थाने में बने सरकारी आवास पर गैस सिलेंडर पर दूध पका रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में तेज धमाके जैसी आवाज के साथ विस्फोट हो गया। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि उनके नाक से खून निकल रहा था और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं।
सूचना मिलने पर पुलिस कर्मियों ने तत्काल घायल को सीएचसी खखरेरू पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत को देखते हुए महिला आरक्षी सावित्री देवी अपने पति को प्रयागराज में संपूर्ण इलाज के लिए निजी साधन से लेकर गईं।
बताया गया है कि महिला आरक्षी सावित्री देवी का हाल ही में थरियांव से खखरेरू स्थानांतरण हुआ है। वहीं, घायल अर्जुन कुमार मूल रूप से मथुरा जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं और निजी नौकरी करते हैं। वे दो-तीन दिन पहले ही अपनी पत्नी के पास खखरेरू आए थे।
घटना के बाद से परिवार में चिंता का माहौल है। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि थाना परिसर में बने आवास में महिला कांस्टेबल के पति को सिलेंडर फटने की वजह से गंभीर चोटें आई हैं जिसको प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर कर दिया गया है।
ब्यूरो रिपोर्ट



