पुरानी रंजिश में कार सवार दबंगों ने युवक को पीटा गंभीर रूप से घायल

शेयर करे

खखरेरू / फतेहपुर ::-  थाना क्षेत्र के ग्राम सभा मनकापुर निवासी एक युवक के साथ पुरानी रंजिश के चलते मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कार सवार तीन लोगों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है।

पीड़ित घनश्याम पुत्र स्व. रामखेलावन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार शाम लगभग 7:30 बजे वह अपने गांव वापस जा रहा था। जैसे ही वह चचिडा मोड़ के पास पहुंचा, तभी कार संख्या UP64AT2038 से पहुंचे फूलचंद, प्रेमचंद व राज बाबू ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया।

आरोप है कि तीनों आरोपियों ने लाठी-डंडों से घनश्याम पर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए भेजा गया।

इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट