ट्रांसफार्मर में अचानक आया करंट, लाईन मैन की मौत

शेयर करे

रविवार को मौनी आमवस्या के दिन ट्रांसफार्मर पर चढ़ कर काम कर रहे एक प्राइवेट लाइन मैन की बिजली की चपेट में आने से दुःखद मौत हो गयी।

देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के फरियाव डीह फीडर में उपभोक्ताओं की मदद के लिए एक प्राइवेट लाईन मैन मझवलिया निवासी मुख़्तार साहनी आये दिन बिजली फ़ाल्ट ठीक करते थे। हालांकि वे न तो सरकारी लाईन मैन थे और न ही संविदा में ही उन्हें रखा गया था। विभाग की कृपा से उनके परिवार की रोटी चलती थी। जिस उपभोक्ता का बिजली खराब होती थी उसे ठीक करने के एवज में उन्हें कुछ मजदूरी मिल जाती थी यही उनके परिवार चलाने का परिश्रमिक था। रोज की भांति आज वे फरिआव डीह फीडर से फोन पर बात कर शट डाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे थे इस बीच बिजली आफिस की लापरवाही से करंट दे दिया गया। जब वे बिजली के  ट्रांसफार्मर पर तार जोड़ रहे थे इस बीच अचानक करंट की चपेट में आने के बाद वे बिजली ट्रांसफार्मर पर ही तड़प कर दम तोड़ दिए। घंटों उनका शव बिजली के ट्रांसफार्मर पर लटका रहा। जो बिजली उपभोक्ता उन्हें बिजली ठीक कराने ले गया था वह और फरियाव डीह के बिजली आफिस के लोग इस घटना के बाद अपना अपना पल्ला झाड़ने लगे। स्थिति यह रही कि देर शाम साढ़े सात बजे तक शव नहीं उतारा जा सका।

इस संबंध में अवर अभियंता अविनाश कुमार से उनका पक्ष जानने के लिए उन्हें कॉल करने का प्रयास किया गया लेकिन नेटवर्क प्रॉब्लम के चलते उनसे बात नहीं हो सकी।

 

विज्ञापन 👇🏿