खखरेरू / फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के जहांगीरनगर गहुरा गांव में गाय चोरी के प्रयास का मामला सामने आया है। पीड़ित माशूक खान पुत्र महमूद ने गांव के ही मुस्ताक पुत्र स्व. ईशाक पर देर रात गाय चोरी करने तथा असफल होने पर उसके साथ बर्बरता करने का आरोप लगाया है।
पीड़ित द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, 13 फरवरी की रात करीब 11 बजे उनकी गाय घर के पास बनी कुरिया में बंधी थी। आरोप है कि मुस्ताक गाय को चोरी कर ले जाने का प्रयास कर रहा था। इस दौरान गाय के खटपट की आवाज सुनकर बाहर सो रहे पीड़ित के पिता की नींद खुल गई।
टॉर्च की रोशनी में देखने पर आरोपी गाय को जबरन खींचता हुआ दिखाई दिया। पूछताछ करने पर उसने गाय को अपनी बताने की बात कही। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाय की बर्बरता पूर्वक पिटाई कर दी, जिसके बाद से गाय ने चारा-पानी छोड़ दिया है।
ग्रामीणों में यह भी चर्चा है कि आरोपी पूर्व में भी गोवंश चोरी की घटनाओं में संलिप्त रहा है तथा चोरी-छिपे गोवंश वध कर गौमांस बिक्री करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
इस संबंध में थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच आपसी रंजिश का मामला है मामले की जांच कर करवाई की जाएगी।



