जनपद बांदा।
बाँदा जनपद में सड़क एवं पुलों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिकों की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी बाँदा अमित आसेरी के दिशा-निर्देशन में महत्वपूर्ण कार्य प्रारंभ किया गया है। बाँदा विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 58 लाख रुपये की लागत से जनपद के बाईपास एवं नदी के पुलों के दोनों ओर किनारों पर सुरक्षा जाली लगाने का कार्य आज प्रारंभ कराया गया। इस कार्य का प्रमुख उद्देश्य पुलों एवं बाईपास मार्गों पर आवागमन करने वाले राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। साथ ही, पुलों पर सुरक्षा जाली लगाए जाने से पुल से नदी में कूदने जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने में भी मदद मिलेगी तथा ऐसे संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी। पुलों के किनारों पर सुरक्षा जाली लगने से पैदल यात्रियों एवं अन्य राहगीरों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे पुलों पर आवागमन के दौरान लोगों को अधिक सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा जाली लगाने का कार्य गुणवत्तापूर्ण, मानक के अनुरूप एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने कहा कि जनसुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। जनपद में आवश्यकतानुसार ऐसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है, जिससे आमजन को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके तथा संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।
Crime 24 Hours / ब्यूरो रिपोर्ट


