इंटर में कॉलेज टॉपर, अब NEET में राष्ट्रीय सफलता— जोयना सिंह बनीं युवाओं की प्रेरणा

प्रयागराज ::-  नारायण स्वरूप हॉस्पिटल, प्रयागराज के निदेशक डॉ. राजीव सिंह एवं वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिया सिंह की पुत्री जोयना सिंह ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और अनुशासित तैयारी के बल पर NEET-UG 2026 में शानदार सफलता प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 9281, कैटेगरी रैंक 3902 तथा 99.5 पर्सेंटाइल हासिल की है।

जोयना सिंह की यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि इसी वर्ष उन्होंने इंटरमीडिएट परीक्षा में अपने कॉलेज में टॉप कर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया था। इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उन्होंने पूरी एकाग्रता के साथ NEET की तैयारी जारी रखी और उसी वर्ष देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, शिक्षकों और प्रयागराज का नाम गौरवान्वित किया।

जोयना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया। उन्होंने बताया कि तैयारी के दौरान कृष्णा सर, कार्तिकेय सर, सुरेंद्र सर, हरी सर एवं निर्मल सर का विशेष मार्गदर्शन और प्रेरणा उन्हें निरंतर मिलती रही। इन सभी शिक्षकों ने विषयों की गहरी समझ, समय प्रबंधन और परीक्षा की रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने विशेष रूप से अपनी माता डॉ. सोनिया सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक मां के रूप में उन्होंने हर परिस्थिति में उनका मनोबल बढ़ाया, पढ़ाई की नियमित योजना बनाने में सहायता की और मानसिक रूप से हमेशा मजबूत बनाए रखा। वहीं उनके पिता डॉ. राजीव सिंह ने भी उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

जोयना सिंह ने कहा, “यह सफलता केवल मेरी नहीं है, बल्कि मेरे माता-पिता, मेरे सभी शिक्षकों और उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया। सही मार्गदर्शन, नियमित अभ्यास और आत्मविश्वास से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।”

जोयना सिंह की यह उपलब्धि उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है जो मेडिकल क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत निरंतर हो और परिवार व गुरुजनों का सहयोग मिले, तो राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की जा सकती है।

परिवार, नारायण स्वरूप हॉस्पिटल परिवार तथा शुभचिंतकों ने जोयना सिंह को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल चिकित्सकीय भविष्य की कामना की।

ब्यूरो रिपोर्ट