नायब तहसीलदार की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक संपन्न

फतेहपुर,

होली, रमजान, नवरात्रि व ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, हुड़दंगियों पर रहेगी कड़ी नजर

आगामी होली, रमजान, नवरात्रि एवं ईद जैसे प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नायब तहसीलदार अरविंद कुमार कुशवाहा ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए नायब तहसीलदार ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों से अपील की कि सभी वर्ग एवं समुदाय के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने विशेष रूप से होली के अवसर पर हुड़दंग, अश्लील एवं फूहड़ गानों तथा जबरन रंग डालने जैसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहार की आड़ में अश्लीलता या अव्यवस्था फैलाने वालों पर पुलिस प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र में यदि कोई विवादित स्थल या संवेदनशील स्थान है तो उसे समय रहते पुलिस व राजस्व टीम की मौजूदगी में चिन्हित कर आवश्यक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना न रहे।

थाना प्रभारी विद्या प्रकाश सिंह ने भी उपस्थित लोगों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ समाज की भी जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी, विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं प्रतिनिधि, व्यापार मंडल के सदस्य तथा सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।