दलित नाबालिग सगी बहनों को शादी का झांसा देकर भगाने के मामले में आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार

शेयर करे

 खखरेरू/फतेहपुर ::- थाना क्षेत्र के एक गांव से दलित समाज की नाबालिग सगी बहनों को शादी का झांसा देकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। हालांकि इस प्रकरण में शामिल तीन अन्य अभियुक्त अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 दिसंबर को पीड़ित पिता की तहरीर पर दर्ज मामले में आरोप लगाया गया था कि उनके यहां ड्राइवर के रूप में कार्य करने वाला मोहित पांडेय, निवासी रक्षपालपुर, अपने साथियों राजेश पासवान व अमित पासवान (निवासी असोथर क्षेत्र) तथा गोविंद मेहतर (निवासी आलमपुर गेरिया) के साथ मिलकर नाबालिग दलित बहनों को बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। इस दौरान बहनें घर से सोने-चांदी के जेवरात और करीब 22 हजार रुपये नगद भी ले गई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 10 घंटे के भीतर दोनों नाबालिग बहनों को खागा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर रक्षपालपुर चौराहे से भागने की फिराक में खड़े आरोपी ड्राइवर मोहित पांडेय को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दोनों नाबालिग बहनों के घर ड्राइविंग का कार्य करता था, इसी दौरान उसका उनसे संपर्क हो गया। हालांकि नगदी और जेवरात के संबंध में वह कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सका।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया है, वहीं फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट