श्रीकरपुर चेकपोस्ट पर रोकने पर भागा चालक, गुठनी चौराहे के पास पकड़ा गया, 830 लीटर शराब जब्त, तस्कर गिरफ्तार
देवरिया। गुठनी थाना पुलिस ने श्रीकरपुर चेकपोस्ट पर जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से भरे 10 चक्का ट्रक को खदेड़कर पकड़ लिया। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया तथा ट्रक जब्त कर लिया। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि थाना कांड संख्या 103/26 के तहत श्रीकरपुर चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए त्वरित कार्रवाई की और तेनुआ मोड़ के आगे गुठनी चौराहे के समीप ट्रक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ट्रक से 96 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 48 पीस शराब था। कुल लगभग 830 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है। मौके से नन्द कुमार राय, पिता स्व. शंकर राय, ग्राम बारबे, थाना दरियापुर, जिला छपरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। इस मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुनील कुमार, निरंजन कुमार तथा गुठनी थाना के पुलिस बल शामिल थे।
***************************

गुठनी में 32 पुड़िया स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार
गुठनी थाना पुलिस ने नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गुठनी बाजार के मटकोडवा के समीप छापेमारी कर 32 पुड़िया स्मैक के साथ एक महिला को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान गुठनी नगर पंचायत निवासी नन्दजी राम की पत्नी कबूतरी देवी के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मटकोडवा के पास नशे का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। तलाशी के दौरान महिला के पास से स्मैक की 32 पुड़िया बरामद की गई। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जहां पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पिछले कुछ दिनों में गुठनी पुलिस ने शराब तस्करों की गिरफ्तारी, चोरी की मोटरसाइकिल बरामदगी तथा अन्य मामलों का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध और नशा कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



