होली ने बिगाड़ी कस्बा की सूरत, तारों पर झूल रहे कपड़ों में यदि लगी आग तो होगी मुश्किल

 

लार के मुख्य तिराहे पर बिजली के तारों पर लटके फटे कपड़े, हादसे की आशंका

लार युवा मोर्चा के अध्यक्ष साहू विशाल कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत को भेजा पत्र, जल्द कार्रवाई की मांग

फटे कपड़ो से नगर की स्वच्छता और सुंदरता पर पड़ रहा प्रतिकूल प्रभाव

नगर पंचायत लार के मुख्य तिराहे पर बिजली के तारों पर बड़ी संख्या में फटे एवं रंगे हुए कपड़े लटके होने से संभावित दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता व समाजसेवी संस्था लार युवा मोर्चा के अध्यक्ष साहू विशाल कुमार गुप्ता ने सोमवार को अधिशासी अधिकारी बृजेश गुप्ता को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि बीते दिनों होली पर्व के दौरान रंग खेलने के बाद कुछ युवाओं द्वारा फटे व रंगे हुए कपड़े बिजली के तारों पर फेंक दिए गए थे, जो अभी तक तारों पर लटके हुए हैं। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, जिससे यह स्थिति नगर की स्वच्छता, सुंदरता और सार्वजनिक व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।
उन्होंने कहा कि बिजली के तारों पर कपड़ों का इस प्रकार लटका रहना बेहद खतरनाक है। तेज हवा या वर्षा की स्थिति में ये कपड़े तारों में उलझकर शॉर्ट सर्किट, विद्युत आपूर्ति बाधित होने अथवा किसी अप्रिय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनहानि की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने अधिशासी अधिकारी बृजेश गुप्ता से जनहित व सार्वजनिक सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित कर शीघ्र ही बिजली के तारों पर लटके फटे कपड़ों को हटवाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके और नगर की स्वच्छता एवं सौंदर्य बनाए रखा जा सके।