आगरा उत्तर प्रदेश

बसपा सरकार में मंत्री रहे चौधरी वशीर पर तीन तलाक का केस दर्ज

छठवीं शादी करने जा रहे बसपा सरकार के पूर्व मंत्री चौधरी वशीर पर तीन तलाक का केस

सलेमपुर की पूर्व विधायक गजाला लारी से भी बसपा नेता मुराद लारी की मृत्यु के बाद वशीर ने की थी शादी

आगरा। बसपा सरकार में मंत्री रहे चौधरी वशीर पर आगरा के मंटोला थाना में तीन तलाक का केस दर्ज हुआ। यह केस उनकी तीसरी पत्नी नगमा ने दर्ज कराया है। आरोप है कि उसे तलाक दिए बिना चौधरी बशीर छठवां निकाह करने जा रहे हैं। गोबर चौकी, ताजगंज निवासी नगमा के अनुसार उनका निकाह नवंबर 2012 में मंटोला निवासी पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के साथ हुआ था। दो बेटे हैं। बड़ा बेटा आठ और छोटा बेटा सात साल का है। नगमा का आरोप है कि निकाह के बाद उसका उत्पीड़न हो रहा है। वह पिछले तीन साल से बच्चों के साथ मायके में रह रही है। पति से कोर्ट में मुकदमा चल रहा है। कोरोना के कारण कोर्ट बंद रही थीं। इसलिए उसे इंसाफ नहीं मिल पाया। कोर्ट खुल चुकी हैं। उसे पूरी उम्मीद है कि जल्द इंसाफ मिलेगा। उसका चौधरी बशीर से तलाक नहीं हुआ है। उसे परिचितों से जानकारी हुई कि उसके शौहर छठवां निकाह करने जा रहे हैं। एसएसपी के आदेश पर मंटोला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। थाना पुलिस का कहना है विवेचना में साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वर्ष 2013 में चौधरी बशीर को जेल भी जाना पड़ा था। पत्नी की तहरीर पर उनके खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और आप्राकृतिक कृत्य का मुकदमा दर्ज हुआ था। तत्कालीन एसएसपी सुभाष चंद दुबे ने उन्हें गिरफ्तार कराया था। उन्हें जेल भेजा गया था। उस समय वह फिरोजाबाद से लोकसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!