संभल

फंदे पर लटकी मिली गर्भवती महिला, दहेज हत्या का आरोप, ससुराल वाले फरार

ब्रेकिंग सम्भल

संभल/चन्दौसी- बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव आटा की मढ़ैया में बुधवार दोपहर गर्भवती विवाहिता कमरे में फंदे पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलने पर मायके वाले व पुलिस भी मौके पर पहुंचे। मायके वालों ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष पर विवाहिता की हत्या का आरोप लगाया। ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं।

गांव कैथल निवासी शेर सिंह ने एक वर्ष पहले अपनी छोटी पुत्री कविता (23) की शादी गांव आटा की मढ़ैया के रहने वाले विशाल के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर विवाहिता को प्रताड़ित करने लगे। पति व अन्य परिजन कविता को मारते पीटते थे। मायके वाले दो-तीन बार अपनी पुत्री की ससुराल में समझौता करा चुके थे। कुछ दिन पहले ही विवाहिता के पिता ने दो लाख रुपये अपने दामाद को दिए थे। कविता सात माह की गर्भवती थी।

बुधवार दोपहर डेढ़ बजे जब विशाल घर पहुंचा तो कमरे के दरवाजा बंद था। आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। खिड़की से देखा तो विवाहिता पंखे के सहारे साड़ी के बने फंदे से लटकी थी। विशाल ने शोर मचाना और खिड़की तोड़कर अंदर घुसा। इसके बाद विवाहिता को नीचे उतारा। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना के बाद मायके वालों व पुलिस पहुंची।
मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया। इस बीच पति विशाल, सांस मुन्नी, ससुर पीतांबर फरार हो गए। बनियाठेर थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग फरार है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

पिता ने जमीन बेच कर दिए थे दो लाख रुपये
कविता के पिता शेर सिंह ने कुछ दिन पहले ही तीन बीघा जमीन बेची थी। इसके बाद दो लाख रुपये पुत्री की ससुराल वालों को दिए थे। विवाहिता के ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये की मांग कर रहे थे। बाकी तीन लाख रुपये कुछ दिन में देने की बात कही थी। लेकिन ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। विवाहिता के भाई कमल सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह बहन का फोन आया था। उसने ससुराल वाले पर परेशान करने का आरोप लगाते हुए घर ले जाने की बात कही थी। उस समय भाई ने बहन को समझा दिया था। बुधवार दोपहर विवाहिता फंदे पर लटकी मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!